Trending Now

Sidhi News: रेलवे की जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी, 10 मकानों पर चला बुलडोजर

Rama Posted on: 2026-11-27 14:39:00 Viewer: 90 Comments: 0 Country: India City: Sidhi

Sidhi News: रेलवे की जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी, 10 मकानों पर चला बुलडोजर Sidhi News: Operation to remove encroachments from railway land continues for the second day; 10 houses demolished by bulldozers.

नौढ़िया में दो पक्के और आठ कच्चे मकान हटाए गए, दो दिनों में 44 मकान अतिक्रमण मुक्त

Sidhi News: सीधी। जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नौढ़िया में रेलवे की अधिकृत जमीन से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। रेलवे और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने बुलडोजर की मदद से दो पक्के और आठ कच्चे मकानों को हटाया। इस कार्रवाई में राजू बंसल और रूना बंसल के मकान भी शामिल रहे। गुरुवार और शुक्रवार को लगातार दो दिनों तक चले अभियान में अब तक कुल 44 मकानों से अतिक्रमण हटाया जा चुका है।

नोटिस और मुआवजे के बाद भी खाली नहीं हुई थी जमीन
ग्राम नौढ़िया में रेलवे की अधिकृत भूमि पर लंबे समय से कई परिवारों के मकान बने हुए थे। रेलवे और जिला प्रशासन द्वारा इस भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। प्रशासन के अनुसार, प्रभावित परिवारों को पहले ही मकान खाली करने के नोटिस जारी किए गए थे। साथ ही नियमानुसार मुआवजे की राशि भी प्रदान की जा चुकी थी। इसके बावजूद संबंधित लोगों द्वारा मकान खाली नहीं किए जाने के कारण गुरुवार से संयुक्त कार्रवाई शुरू की गई।

कुछ परिवारों ने स्वयं हटाए मकान
शुक्रवार को दूसरे दिन की कार्रवाई के दौरान प्रशासन और रेलवे की टीम मौके पर मौजूद रही। अधिकांश परिवारों ने शांतिपूर्वक अपने मकान खाली किए। कई लोगों ने स्वयं ही अपने मकानों को हटाया, जबकि शेष मकानों को बुलडोजर की सहायता से ध्वस्त किया गया। दूसरे दिन कुल 10 मकानों पर कार्रवाई की गई, जिनमें दो पक्के और आठ कच्चे मकान शामिल थे।

मुआवजे की शिकायत पर महिला का मकान छोड़ा
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान नीतू बंसल का मकान फिलहाल नहीं हटाया गया। महिला का कहना है कि उन्हें अभी तक मुआवजे की राशि प्राप्त नहीं हुई है। इस संबंध में तहसीलदार गोपालदास राकेश शुक्ला ने बताया कि एक महिला के मकान को छोड़कर शेष सभी चिह्नित मकानों पर कार्रवाई की गई है। महिला द्वारा मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की गई है, जिसका जल्द निराकरण कराया जाएगा। शिकायत का समाधान होने के बाद उनके मकान के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

रेलवे की अधिकृत भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन और रेलवे की संयुक्त कार्रवाई जारी है। अधिकारियों के अनुसार, प्रभावित परिवारों से संबंधित शिकायतों का नियमानुसार निराकरण करते हुए आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall